प्रणव मुखर्जी पीएम : क्या कांग्रेस में प्रधानमंत्री बनने का सपना देखने का हक सिर्फ गांधी परिवार के पास था? क्या दशकों तक पार्टी और सरकार में अहम जिम्मेदारियां निभाने वाले किसी दूसरे नेता की ऐसी महत्वाकांक्षा चौंकाने वाली हो सकती है? पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की बेटी शर्मिष्ठा मुखर्जी ने सोनिया गांधी की किताब में लिखी एक पुरानी घटना पर कुछ ऐसे ही सवाल उठाए हैं।
शर्मिष्ठा ने साफ कहा है कि उनके पिता जैसे अनुभवी और काबिल नेता का प्रधानमंत्री बनने की इच्छा रखना बिल्कुल स्वाभाविक था। इसमें हैरानी या आपत्ति की कोई वजह नहीं होनी चाहिए।
सोनिया गांधी की किताब से क्यों उठा विवाद?
दरअसल, सोनिया गांधी ने अपनी किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ में साल 2010 की एक बातचीत का जिक्र किया है। इसके मुताबिक, प्रणब मुखर्जी ने उनसे कहा था कि शायद अब शीर्ष स्तर पर बदलाव का समय आ गया है।
सोनिया गांधी ने इस बात को प्रणब मुखर्जी की प्रधानमंत्री बनने की पुरानी इच्छा से जोड़कर देखा। उन्होंने लिखा, “उन्होंने यह सुझाव देकर मुझे चौंका दिया कि शायद अब शीर्ष स्तर पर बदलाव का समय आ गया है। मैंने इसे प्रधानमंत्री बनने की उनकी पुरानी इच्छा के संकेत के रूप में समझा।”
यहां गौर करने वाली बात है कि उस समय केंद्र में यूपीए की सरकार थी और मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे। प्रणब मुखर्जी सरकार के सबसे वरिष्ठ और प्रभावशाली नेताओं में शामिल थे। वित्त, रक्षा और विदेश जैसे अहम मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाल चुके प्रणब मुखर्जी की राजनीतिक हैसियत किसी से छिपी नहीं थी।
शर्मिष्ठा ने सोनिया गांधी से पूछे तीखे सवाल
सोनिया गांधी की इस टिप्पणी पर शर्मिष्ठा मुखर्जी ने सवाल उठाया कि उनके पिता की प्रधानमंत्री बनने की इच्छा में आखिर चौंकने वाली बात क्या थी?
उन्होंने पूछा, “क्या महत्वाकांक्षी होना कोई अपराध है? खासकर तब, जब इस महत्वाकांक्षा के पीछे राजनीति और शासन का दशकों लंबा अनुभव, कड़ी मेहनत और एक तेज दिमाग हो?”
शर्मिष्ठा ने बताया कि उन्होंने खुद एक बार अपने पिता से पूछा था कि क्या वह प्रधानमंत्री बनना चाहते हैं? इस पर प्रणब मुखर्जी ने जवाब दिया था कि हर काबिल राजनेता के मन में ऐसी महत्वाकांक्षा होती है।
यानी प्रणब मुखर्जी के लिए प्रधानमंत्री बनने की इच्छा कोई छिपी हुई या असामान्य बात नहीं थी। वह इसे एक योग्य राजनेता की स्वाभाविक महत्वाकांक्षा मानते थे।
परिवारवाद पर भी गांधी परिवार को घेरा
शर्मिष्ठा मुखर्जी का जवाब सिर्फ अपने पिता की राजनीतिक महत्वाकांक्षा का बचाव नहीं था। उन्होंने इस बहस को परिवारवाद से भी जोड़ दिया।
उन्होंने कहा कि प्रणब मुखर्जी बेहद साधारण पृष्ठभूमि से आए थे। उन्होंने अपनी मेहनत, राजनीतिक समझ और काबिलियत के दम पर मुकाम हासिल किया। उन्हें कोई पद विरासत में नहीं मिला था।
शर्मिष्ठा ने सवाल उठाया कि अगर कोई बेहद काबिल व्यक्ति प्रधानमंत्री बनने की इच्छा रखता है, तो इसमें गलत क्या है? उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि शायद सोनिया गांधी को इस बात पर हैरानी थी कि गांधी-नेहरू परिवार से बाहर का कोई व्यक्ति भी प्रधानमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा कैसे रख सकता है।
क्या प्रणब दा के मन में सोनिया गांधी के लिए नाराजगी थी?
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में बताया है कि 2010 की उस बातचीत के दौरान उन्होंने विषय बदल दिया था। हालांकि, प्रणब मुखर्जी ने इस बात का कभी बुरा नहीं माना।
शर्मिष्ठा ने भी अपने पिता के स्वभाव का जिक्र करते हुए कहा कि वह बेहद व्यावहारिक और गहरी समझ रखने वाले व्यक्ति थे। उनकी डायरियों और निजी बातचीत के आधार पर वह कह सकती हैं कि प्रणब मुखर्जी ने सोनिया गांधी या किसी अन्य व्यक्ति के प्रति मन में कोई मनमुटाव नहीं रखा।
प्रधानमंत्री नहीं बने, राष्ट्रपति पद तक पहुंचे प्रणब मुखर्जी
प्रणब मुखर्जी का राजनीतिक सफर कई अहम पदों से होकर गुजरा। कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में शामिल प्रणब मुखर्जी ने वित्त, रक्षा और विदेश मंत्रालय जैसे महत्वपूर्ण विभाग संभाले।
साल 2012 में यूपीए सरकार ने उन्हें राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया। चुनाव जीतकर वह भारत के 13वें राष्ट्रपति बने और 2012 से 2017 तक इस पद पर रहे।
सोनिया गांधी ने भी अपनी किताब में उन्हें विद्वान और गहरी राजनीतिक समझ रखने वाला नेता बताया है। उन्होंने लिखा है कि राष्ट्रपति बनने के बाद भी वह अक्सर उनसे मिलने जाती थीं और बातचीत करती थीं।
इस पूरे विवाद में असली सवाल सिर्फ इतना नहीं है कि प्रणब मुखर्जी प्रधानमंत्री बनना चाहते थे या नहीं। सवाल यह भी है कि क्या भारतीय राजनीति में सर्वोच्च पद की महत्वाकांक्षा किसी नेता की काबिलियत और अनुभव से तय होनी चाहिए या फिर राजनीतिक विरासत भी इसमें बड़ी भूमिका निभाती है






























