12 साल पूरे, नेहरू का रिकॉर्ड पीछे छोड़ा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक नया राजनीतिक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। 9 जून 2026 को उन्होंने देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने वाले नेता के रूप में पंडित जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी और 9 जून 2026 तक उनके कार्यकाल के 4,398 दिन पूरे हो गए हैं। वहीं, नेहरू 1952 के आम चुनाव जीतने के बाद लगातार 4,397 दिन तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहे थे।
लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने का रिकॉर्ड
नरेंद्र मोदी ने 9 जून 2024 को तीसरी बार एनडीए सरकार के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इससे पहले उन्होंने 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों में भी जीत हासिल की थी। पंडित जवाहरलाल नेहरू के बाद वह दूसरे ऐसे नेता हैं, जिन्होंने लगातार तीन लोकसभा चुनावों में अपनी पार्टी या गठबंधन को जीत दिलाकर तीसरी बार प्रधानमंत्री पद संभाला है। साथ ही, वह आज़ाद भारत में जन्मे (17 सितंबर 1950) पहले प्रधानमंत्री भी हैं।
शासन में सबसे लंबे समय तक रहने वाले नेता
पीएम मोदी ने मार्च 2026 में एक और बड़ा रिकॉर्ड बनाया था। गुजरात के मुख्यमंत्री और भारत के प्रधानमंत्री के रूप में उनके कुल कार्यकाल को जोड़ने पर वह 8,931 दिनों से अधिक समय तक सत्ता में रहने वाले भारत के पहले नेता बन गए। इस दौरान उन्होंने सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन चामलिंग का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया। इसके अलावा, वह देश के सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री भी हैं।
एनडीए की बैठक में होगा उपलब्धियों का जिक्र
प्रधानमंत्री मोदी की इस उपलब्धि के बीच 10 जून को एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक आयोजित होगी। जानकारी के अनुसार, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और टीडीपी प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू एक प्रस्ताव पेश करेंगे, जिसका अन्य सहयोगी दलों के नेता समर्थन करेंगे। इस प्रस्ताव में प्रधानमंत्री मोदी के पिछले 12 वर्षों के कार्यकाल और सरकार की प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख किया जाएगा। यह बैठक एनडीए की एकजुटता और राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखी जा रही है।































