गाजियाबाद में बीजेपी की ओर से ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पहुंचे। उन्होंने मंच से कांग्रेस और विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री के भाषण की शुरुआत होते ही वहां मौजूद लोगों ने भगवान राम, हनुमान, श्रीकृष्ण और महादेव के जयकारे लगाए।
इससे पहले गाजियाबाद के सांसद, यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा और मुरादनगर के विधायक अजीतपाल त्यागी ने भी मंच से लोगों को संबोधित किया। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पदयात्रा में हिस्सा लिया। उनका संबोधन और पदयात्रा कार्यक्रम के अंतिम चरण तक पहुंचा।
ऐसे लोगों का लोकतंत्र की बात करना हास्यास्पद: CM योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इंडी गठबंधन के खिलाफ लोग दूधेश्वर नाथ की धरती पर एकजुट हुए हैं। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए दुनिया के सबसे पुराने लोकतंत्र भारत पर सवाल उठा रही है।
योगी ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना कांग्रेस की आदत बन गई है। यही कांग्रेस है, जिसने 1975 में देश में आपातकाल लगाया था। ऐसे लोगों का आज लोकतंत्र की बात करना हास्यास्पद लगता है।
CM योगी ने की प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को जब भी मौका मिला, तब कॉमनवेल्थ और कोयला घोटाले जैसे बड़े मामले सामने आए। भ्रष्टाचार और देश की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों के कारण कांग्रेस ने जनता का विश्वास खो दिया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की तस्वीर बदली है। साल 2014 से पहले भारत आतंकवाद, नक्सलवाद और भ्रष्टाचार जैसी समस्याओं से जूझ रहा था। आज देश इन चुनौतियों से मुकाबला करते हुए आगे बढ़ रहा है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत आज दुनिया की शीर्ष चार अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल देश के विकास में बाधा डालने का काम कर रहे हैं।

































